गाजीपुर। अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन का धरना मंगलवार को 19वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता कर रहीं जिलाध्यक्ष आशा पटेल ने कहा कि प्रदेश इकाई अपने संघर्ष के बूते सरकार पर लगातार दबाव बनाए हुए है। 20 दिनों की बेमियादी हड़ताल से सरकार को हमारी ताकत का अंदाजा लग गया है। यह हमारी जीत की महज शुरूआत है। उन्होंने कहा कि जब तक हमें सीएम द्वारा लिखित आश्वासन नहीं दिया जाएगा तब तक हम जिले पर चलने वाले धरने को समाप्त नहीं करेंगे। जिला संरक्षक सूरज प्रताप सिंह ने कहा कि हमारी सभी मांगें जायज हैं। इस अवसर पर सर्वसम्मति से संजू यादव का चुनाव आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन के नगर अध्यक्ष के रूप में किया गया। नगर अध्यक्ष संजू यादव ने कहा कि जब तक मानदेय में वृद्धि नहीं हो जाती संगठन चुप नहीं बैैठेगा। धरना में रीता, रचना, सिंधु, अंजू, शशिबाला, रेखा, सीमा, गीता, सुनीता आदि उपस्थित थीं।