गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रौजा तिराहे पर बीस दिन पहले नन्हकू यादव की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में दो आरोपी पुलिस को चकमा दे मंगलवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के अकलपुरा गांव में 19 सितंबर को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने दूध विक्रेता नन्हकू यादव को गोली मार दी थी। नन्हकू को उपचार के लिए वाराणसी में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस प्रकरण में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। हत्याकांड के बाद पुलिस कप्तान सोमेन वर्मा ने कई टीम गठित की थी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण आरोपी संतोष राय उर्फ बब्लू राय तथा विनय राय उर्फ पंपम राय निवासीगण देवरिया थाना जमानिया ने मंगलवार को नाटकीय ढंग से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यजीत पाठक की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपियों के अधिवक्ता विकास राय ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में उपस्थित कराने के लिए चार अक्तूबर को थाने आख्या मंगाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया था। साथ ही दोनों एक हत्या के प्रयास के मामले में भी आरोपी हैं। इन दोनों मामलों में दोनों को न्यायालय से जेल भेज दिया गया।