बिरनो (गाजीपुर)। बीटीसी टीचर वेलफ़ेयर एसोसिएसन की बैठक गुरुवार को भड़सर स्थित शिवमंदिर परिसर में हुई। इसमें पंद्रह हजार एवं सोलह हजार सहायक अध्यापक भर्ती के अध्यापकों को एक वर्ष बाद भी जुलाई से सितबंर-2016 के वेतन का एरियर नहीं दिए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित राज गुप्ता ने कहा कि जिले में 686 शिक्षकों को एरियर मिलना था लेकिन एक वर्ष बाद भी एरियर का भुगतान नहीं हो सका। एसोसिएशन ने कई बार एरियर भुगतान के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सचिव अभिषेक सिंह ने कहा कि सभी शिक्षकों का एक साथ एरियर भेजना सुनिश्चित किया जाए। हर हाल में शिक्षकों का हक उन्हें मिलना चाहिए। इसके लिए एसोसिएशन संकल्पित है। अगर अध्यापकों का उत्पीड़न किया गया तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक सप्ताह में एरियर का भुगतान नहीं होता है तो एसोसिएशन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर आशुतोष प्रताप सिंह, प्रद्युम्न कुमार, प्रमोद कुशवाहा, पुनीत सिंह, संजय कुमार, अभिषेक सिंह, वैंकटेश मिश्रा, सुधीर पांडेय, पल्लवी सिंह, सुषमा संतोषी, आकांक्षा सिंह आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता रोहित राज गुप्ता एवं संचालन आशुतोष प्रताप सिंह ने किया।