नंदगंज के शहीद स्मारक से डीएलएड की परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
गाजीपुर। डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सोमवार को जिले में बनाए गए 39 केंद्रों पर आयोजित की गई। दो पाली में कराई गई परीक्षा में पहली में 2138 और दूसरी में 1956 प्रशिक्षु अनुपस्थित रहे। डायट प्राचार्य ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया।
डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में शुरु हुई। इसमें शामिल होने के लिए प्रशिक्षु सुबह से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। सुबह निर्धारित समय पर परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया। गहन जांच के बाद ही उनको केंद्र के अंदर जाने दिया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य-उप शिक्षा निदेशक बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि पहली पाली में बाल विकास विषय की परीक्षा में 12486 प्रशिक्षु पंजीकृत थे इनमें 10348 उपस्थित तथा 2138 ने परीक्षा नहीं दी। दूसरी पाली में शिक्षण अधिगम के सिद्धांत में 9599 में 7643 ने परीक्षा दी जबकि 1956 ने छोड़ दी। डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 23 सितंबर तक चलेगी, जबकि तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 24 से 26 सितंबर तक आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1:30 से शाम 3:30 बजे तक होगी। मलसा स्थित शिवपूजन इंटर कालेज में पहले दिन परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। बीईओ अशोक कुमार गौतम ने बताया कि परीक्षार्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और पेन के साथ प्रवेश की अनुमति है। किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह मना है। नंदगंज स्थित शहीद स्मारक इंटर कालेज में केंद्र निरीक्षक उदयराज ने बताया कि परीक्षा में कुल 190 में 160 परीक्षार्थी उपस्थित थे जबकि 30 ने परीक्षा छोड़ दी।