जमानिया। क्षेत्र के सब्बलपुर बाड़ स्थित मल्लाह बस्ती में मंगलवार को दिन में आग लगने से 15 रिहायशी झोपड़ियां धू-धूकर जल गईं। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। हादसे में नगदी सहित गृहस्थी का सारा सामान राख हो गया। आग बुझाने के दौरान दो महिलाएं झुलस गईं। दोपहर में करीब दो बजे मल्लाह बस्ती स्थित धनेजर की रिहायशी झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे बस्ती में अफरातफरी मच गई। कुछ देर बाद आग की लपटों ने मैनेजर, गोरख, राकेश, जगरदेव, बीरबल और मंजू आदि की 14 अन्य झोपड़ियों को एक-एक कर अपनी जद में ले लिया। आग की ऊंची लपटें देख बस्ती के लोग दहशत में आ गए। मौके पर जुटे ग्रामीण अग्निशमन विभाग को सूचना देने के बाद आग बुझाने में जुट गए। आग बुझाने में गिरधारी की पत्नी मनाकी और गोरख की पत्नी मालती झुलस गईं। कुछ देर बाद पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सारी झोपड़ियां राख हो चुकी थीं। पीड़ित परिवारों की नगदी, गहने, अनाज, बर्तन, कपड़े और बिस्तर समेत गृहस्थी का सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। आग की सूचना पाकर पहुंचे लेखपाल रूपेश रंजन सिन्हा ने मौका मुआयना नुकसान का आंकलन किया। तहसीलदार आलोक कुमार ने बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाया जाएगा।