गाजीपुर। महाशिवरात्रि के अवसर पर जनपद में कई स्थानों पर शिव बरातें निकाली गईं। इसमें भगवान शिव बैलगाड़ी पर सवार होकर नगर भ्रमण करते हुए शिव मंदिर पहुंचे, जहां उनका विवाह संपन्न कराया गया। इस मौके पर हाथी-घोड़े, गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर थिरकते हुए बराती हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते चल रहे थे। बरात मेें रास्ते भर अबीर -गुलाल उड़ाए गए। कहीं-कहीं फाग भी गाया गया। शहर के पीरनगर से निकाली गई शिव बरात बड़ा महादेवा पर पहुंच कर समाप्त हो गई। जबकि चीतनात घाट से निकाली गई बरात मिश्रबाजार शिव मंदिर पर समाप्त हुई। बरात के पीछे चल रहे शिवभक्त तरह-तरह के रूप में सजाए गए थे। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार नया हनुमान मंदिर से निकाली गई बरात नगर के पकड़ीतर, शैवटोला, चौक, सदर रोड, यूबीआई चौराहा, बिट्ठलमोड़, अंसारी रोड, तहसील, शाहनिंदा होते हुए महादेवा स्थित शिव मंदिर पर पहुंची। शिव बरात के साथ भगवान राम दरबार समेत अन्य देवताओं की भी झांकियां चल रहीं थीं। आगे-आगे, हाथी, घोड़े, ऊंट के साथ पूरे रास्ते डीजे पर शिव भजन पर युवा थिरकते हुए चल रहे थे। मंदिर पर पहुंचने के बाद वहां शिव पार्वती का विवाह कराया गया। सुबह से ही भव्य मेला का आयोजन किया गया था। पूरे रास्ते सुरक्षाकर्मी तैनात थे। सुहवल संवाददाता के अनुसार स्थानीय गांव सहित मेदनीपुर स्थित झारखंडेय महादेव मंदिर, ताडीघाट, सोनवल, बवाड़ा, अंधारीपुर, ढढ़नी सहित विभिन्न गांव में शिव बरात निकाली गई। धूमधाम से निकाली गई बरात में आस-पास के लोग देवी, देवताओं, भूतप्रेत की वेश भूषा में झूमते नजर आए। बरात में बड़ी संख्या में लोग ढोल तासे और डीजे की धुन पर थिरकते रहे। साथ ही बोलबम, ओम नम: शिवाय का जयघोष होता रहा। शिव बरात जैसे-जैसे आगे बढ़ी बरातियों की भीड़ बढ़ती गई। झांकी की साज सज्जा देखते ही बन रही थी। बहादुरगंज संवाददाता के अनुसार कस्बे के मां चंडी धाम स्थित शिवालय, बुढ़वा महादेव शिवाला, विजय राघव, संगत कुटी शिवालय,महावीर घाट शिवालय सहित क्षेत्र के ग्राम सभा रसूलपुर, फरीदनपुर, सिउरा, सलामतपुर, रामगढ़ आदि शिवालयों पर जलाभिषेक करने के लिए महिला पुरुष भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। पुरानीगंज स्थित विजय राघव संगत कुटी से शिव बरात की झांकी निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए स्थानीय मां चंडी धाम परिसर पहुंचा। वहां परंपरा अनुसार महिलाओं ने मंगल गीत गाया। भगवान भोलेनाथ के स्वरूप का परिछन किया। अर्चन-पूजन कर प्रसाद वितरण किया गया। शिव बरात की झांकी में शिव गण के स्वरूप,घोड़ा एवं झांकी के आगे-आगे डीजे की धुन पर युवक थिरकते रहे। झांकी जुलूस के साथ पुलिस चौकी प्रभारी सुनील कुमार शुक्ला टीम के साथ मुस्तैद रहे।