मुहम्मदाबाद। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में आधार कार्ड बनाने का कोई केंद्र संचालित न होने से इसे बनवाने के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। नगर में काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक की शाखा में आधार बनाने का केंद्र संचालित था, लेकिन लोगों की अधिक भीड़ होने और सुरक्षा का इंतजाम न होने से कार्ड बनाने के कार्य को बैंक द्वारा बंद कर दिया गया। इससे लोगों में निराशा के साथ ही रोष है।
मुहम्मदाबाद नगर में काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक की शाखा में आधार बनाने का केंद्र संचालित था, लेकिन एक ही केंद्र होने के कारण लोग ठंड के मौसम में भी भोर से ही लाइन लगा लेते थे। काफी भीड़ होने एवं प्रशासन द्वारा कोई सुरक्षा व्यवस्था मुहैया न कराए जाने के कारण मजबूर होकर बैंक के अधिकारियों ने 13 फरवरी से आधार केंद्र को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया। कहीं भी आधार न बनाए जाने से परेशान किसान एवं छात्र इधर से उधर आधार बनवाने के लिए भटक रहे हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 22 फरवरी तक किसानों के आवेदन मांगे गए हैं, जिसमें आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है। जिन किसानों का आधार कार्ड नहीं बन पाया है, वह इस योजना का लाभ प्राप्त करने से वंचित रह जाएंगे। इससे लोगों में निराशा के साथ ही रोष है। लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बैंक में संचालित केंद्र को चालू कराने की मांग की है। इस संबंध में बैंक के अधिकारी सज्जन कुमार जायसवाल ने कहा कि कई बार प्रशासन के लोगों से सुरक्षा व्यवस्था के लिए आग्रह किया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पूरे तहसील क्षेत्र में एक ही आधार केंद्र होने के कारण लोग चार बजे भोर से ही कतार लगा देते थे। बैंक खुलने पर बैंक कर्मियों के साथ कार्ड बनवाने के लिए आए लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता था। इससे मजबूर होकर अग्रिम आदेश तक आधार कार्ड बनाने के कार्य को बंद करना पड़ा।