सुहवल(गाजीपुर)। स्थानीय गांव स्थित इंटर कॉलेज परिसर में मंगलवार को बहुद्देश्यीय अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सभागार की आधारशिला वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रखी गई। विद्युत एवं निर्माण के क्षेत्र में देश की अग्रणी कंपनी एलएंडटी द्वारा खुद के सीआरएस फंड से पांच हजार फीट में करीब 55 लाख की लागत से बनने वाले बहुद्देश्यीय अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सभागार की आधारशिला वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रखी गई। इसके साथ विद्यालय विकास निधि से लाखों की लागत से बनने वाले नए कक्ष की भी आधारशिला रखी गई।
तीर्थ पुरोहित अरुण कुमार मिश्रा के द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चार के दौरान मुख्य अतिथि एलएंडटी के डायरेक्टर संदीप बेहरा ने पूरे विधि-विधान से हवन-पूजन के बाद नारियल फोड़ने के बाद सभागार की आधारशिला रखी। छात्राओं ने स्वागत गीत से मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि श्री बेहरा ने कहा कि बनने वाला यह बहुद्देश्यीय सभागार हर तरह की सुविधाओं से सुसज्जित होगा। यह जनपद का सबसे बड़ा सभागार होगा, जिसे चार माह में बन कर तैयार होने के बाद विद्यालय एवं क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि हौसला हमेशा ऊंचा रखें। ऊंचे हौसला से ही सपना साकार हो सकता है। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय यादव ने विद्यालय विकास निधि से बनने वाले नए कक्ष की आधारशिला रखने के बाद कहा कि यह विद्यालय आने वाले समय में जिले का मॉडल इंटर कॉलेज होगा, जो दूसरों के लिए मिशाल साबित होगा। विद्यालय के विकास के लिए उन्होंने 23 लाख की धनराशि देने की घोषणा की। इस मौके पर प्रधानाचार्य ओमकार नाथ सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल राय, अमित कुमार पांडेय, भरत पासवान, गुरुप्रीत सिंह, विनोद गुप्ता, प्रशांत, इंजीनियर श्रवण राय, अरविंद सिंह, रामदुलार यादव, हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमित सिंह , शिवबहादुर, गिरजा प्रसाद पांडेय, मुंशी पाल आदि मौजूद रहे।