कठवामोड़(गाजीपुर)। नोनहरा थाना क्षेत्र के तलिया चट्टी पर शनिवार की शाम करीब छह बजे वाराणसी से बलिया जा रही एक बस से टक्कर लगने के कारण बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बस द्वारा बाइक में टक्कर मारने के बाद बाइक की टक्कर से सड़क किनारे सब्जी खरीद रही एक बालिका भी घायल हो गई। लोगों ने बस को पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां बालिका सहित दो लोगों को चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
खालिसपुर गांव निवासी बृजेश सिंह का पुत्र सुजाल सिंह (12) तथा संजय सिंह का पुत्र ऋषि सिंह (20) बाइक से गाजीपुर गए थे। वहां से दोनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाम को करीब छह बजे वाराणसी से बलिया जा रही सवारियों से भरी तेज रफ्तार निजी बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक सहित सड़क किनारे सब्जी खरीद रही चट्टी निवासी गुड़िया (12) को टक्कर मारते हुए पलट गई। इस दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने हो-हल्ला के बीच बस को घेर लिया। इस दौरान मौके का लाभ उठाते हुए चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस और घायलों के परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने गुड़िया और सुजाल को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना के चलते मौके पर लोगों की भीड़ लगने से मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन में अवरोध बना रहा। वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने काफी मशक्कत कर आवागमन को सुचारु कराया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। घायलों के परिवार वालों की तरफ से तहरीर मिली तो आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।