सुहवल(गाजीपुर)। सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग 24/97 पर मेदनीपुर गांव के पास मार्ग के मरम्मत के लिए जगह-जगह संबंधित विभाग द्वारा बेतरतीब तरीके से गिट्टियां गिराने की वजह से गुरुवार को आवागमन करने वालों को पांच घंटे तक जाम का झाम झेलना पड़ा। भीषण गर्मी में लोग पसीना बहाते हुए आवागमन सुचारु होने की इंतजार करते रहे। जाम की वजह से लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग 24/97 पर मेदनीपुर गांव के पास मार्ग की मरम्मत के लिए जगह-जगह संबंधित विभाग द्वारा बेतरतीब तरीके से गिट्टियां गिराई गई थीं। इसकी वजह से राजमार्ग पर सुबह लगभग पांच बजे जाम का झाम शुरू हो गया। देखते ही देखते कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम के झाम का आलम यह था कि बड़े-छोटे चारपहिया वाहन और बाइकों की कौन कहे, पैदल निकलना भी मुश्किलों भरा था। हमीद सेतु पर भी वाहनों रेला लग गया था। जाम के कारण वाहनों में सवार लोग पांच घंटे तक जूझते रहे। वाहनों को आगे-पीछे करने को लेकर लोगों में किचकिच हो रही थी। तेज धूप के बीच भीड़ में फंसे लोगों को समझ में नहीं आ रहा था कि वह किधर से निकले। जिधर भी नजर दौड़ा रहे थे, उधर वाहनों की भीड़ ही दिख रही थी। फंसे बाइक सवार पेट्रोल की महंगाई को देखते हुए वाहनों को बंद कर भीड़ में खड़ा रहे। पल-पल बाइक को पैर के सहारे आगे बढ़ाते रहे। दर्जनों यात्री वाहन भी जाम में फंसे रहे। जिन की मंजिल काफी करीब थी, वह वाहन से उतर कर पैदल ही गंतव्य के लिए रवाना होते रहे। भीड़ में वाहनों के हार्न के शोर से लोग उलझन महसूस करते रहे। जाम की जानकारी होते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार पांडेय पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और पसीना बहाते हुए आवागमन को सुचारु कराने में लग गए। जिन लोगों को आड़े-तिरछा वाहनों को लगाया था, उनके वाहनों को आगे-पीछे कराते हुए सीधा करा कर वाहनों को निकलवाने में जुट गए। पांच घंटा बाद दिन में दस बजे आवागमन सुचारु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। जाम की वजह से लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।