गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक रविवार को एमएएच इंटर कॉलेज में हुई। इसमें शिक्षकों की समस्याओँ पर विस्तार से चर्चा की गई। मांगों को लेकर 28 जुलाई को धरना देने का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि इस दिन सभी शिक्षक सामूहिक अवकाश लेकर इस धरना में शामिल हों इसके लिए संगठन की ओर से व्यापक प्रचार -प्रसार किया जा रहा है। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर यह कार्यक्रम सभी जिलों में आयोजित किया जाएगा। कहा कि पुरानी पेंशन की व्यवस्था लागू करने, वित्तविहीन विद्यालयों में अध्यापकों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने आदि हमारी प्रमुख मांगों में शामिल है। जिला विद्यालय निरीक्षक की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा गया कि यहां का कार्यभार लेने के बाद से वह कार्यालय में नियमित रूप से बैठ ही नहीं रहे हैं। इससे कई समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। कहा कि अगर वह अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाते हैं तो आंदोलनात्मक रुख अख्तियार किया जाएगा। इस मौके पर रेयाज अहमद, रत्नेश कुमार राय, शिवकुमार सिंह, सौरभ पांडेय, नरेंद्रनाथ राय, रविंद्र तिवारी, सर्वदेव प्रधान, त्रिभुवननाथ राय, मुकेश श्रीवास्तव, रामअवतार सिंह यादव, दलजीत यादव, अनिल विश्वकर्मा आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता नारायण उपाध्याय तथा संचालन मंत्री राणा प्रताप सिंह ने किया।