जिले के क्रिकेट के प्रशंसकों के लिए शुक्रवार का दिन यादगार रहा। देश के कई बड़े शहरों के साथ ही शहर के स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बनाए गए फैन पार्क में हजारों की संख्या में खेल प्रेमियों ने देर रात तक चले आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर का मजा लिया। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न खेल खेल कर जहां खूब मस्ती की वहीं लकी ड्रा में कई ने अपनी किस्मत आजमाई। दो खेमों में बंटे क्रिकेट प्रेमियों ने चौके छक्कों पर खूब हल्ला मचाया। विकेट गिरते ही एक खेमे में उत्साह तो दूसरे खेमे में निराशा हावी हो जा रही थी।
इंडियन प्रीमियर लीग सात अप्रैल से शुरू है। 27 मई तक चलने वाली इस क्रिकेट प्रतियोगिता में कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के साथ ही राष्ट्रीय खिलाड़ी विभिन्न टीमों से खेल रहे हैं। इस प्रतियोगिता के दौरान जिन शहरों में आईपीएल के मैच नहीं हो रहे हैं उन जगहों के क्रिकेट प्रशंसकों को मैचों का लाइव मजा दिलाने के लिए बीसीसीआई ने 19 राज्यों के 36 शहरों में फैन पार्क बनाए हैं जहां इन मैचों का दर्शकों को मुफ्त मजा दिलाया जा रहा है। प्रदेश के लखनऊ, सहारनपुर, मथुरा के बाद शुक्रवार को गाजीपुर को यह सौगात मिली। स्थानीय स्वामी सहजानंद डिग्री कॉलेज के मैदान पर फैन पार्क बनाया गया था। शाम को छह बजे से दर्शकों को प्रवेश दिया गया। हरी मैटिंग से सुसज्जित मैदान दर्शकों को स्टेडियम का अहसास करा रहा था। मैदान में बैठने की शानदार व्यवस्था की गई थी। प्रशंसकों को उनकी प्रिय टीम के झंडे तथा स्टीकर आदि उपलब्ध कराया गया था। मैच देखने के लिए 36 गुणे18 की विशाल स्क्रीन लगाई गई थी। पार्क में बच्चों ने खेलने के लिए की गई व्यवस्था का जमकर आनंद उठाते हुए बच्चों ने खूब मस्ती की। वहीं परिजनों के साथ फूड कार्नर पर स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया। कई दर्शकों ने लकी ड्रा में भाग लेकर अपनी किस्मत आजमाई। इस अवसर पर आईपीएल के स्थानीय को-आर्डिनेटर और रणजी खिलाड़ी अमित, गाजीपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव सिंह बंटी, सचिव मसीहुद्दीन, कोषाध्यक्ष विनय सिंह, शाश्वत सिंह, फहीम, अगम, लिटिल, अंकित, इमदाद हुसैन चांद, अभिनव, संजय राय, अरविंद शर्मा, राहुल, अश्विनी आदि मौजूद रहे।