क्षेत्र के दरौली गांव स्थित रामकली महिला महाविद्यालय के तत्वावधान में विश्व शांति सद्भावना रैली निकाली गई। इसमें महाविद्यालय के छात्राओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। रैली की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डां विध्यवासनी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। रैली महाविद्यालय प्रांगण से गांव के विभिन्न गली मुहल्ले से होते हुए दरौली स्टेशन पहुंची। जहां कुछ देर सभा कर रैली पुन: महविद्यालय पहुंचकर विशाल सभा में बदल गई। छात्राओं ने स्लोगन लिखे पोस्टर बैनर हाथों में पकड़ कर नारे लगा रही थी। इस मौके पर प्रबंधक डॉ. हरिश्चंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में समाज कई वर्ग जाति रंग में बंट गया है, जो लोकतांत्रिक देश के लिए अच्छा नहीं है। विश्व में शांति और सद्भावना के लिए सभी को जाति धर्म वर्ग से ऊपर से उठकर देशहित में कार्य करना पड़ेगा। कार्यक्रम के अंत में देश के सीमा पर शहीद हुए सैनिकों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की गई। मौके पर डॉ. विरेंद्र पांडेय, ग्राम प्रधान कोमल कुशवाहा, कमलेश सिंह, अरविंद्र मनोज गुप्ता, राम आशीष सिंह, सत्येंद्र कुमार, अभय पांडेय विनीता, जुबैदा खातून, अक्षिता शर्मा, मंसा मौर्य सोमिया आदि मौजूद रही। संचालन आलोक कुमार सिंह ने किया।