भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का 23वां जिला सम्मेलन सरजू पांडेय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कासिमाबाद में रविवार को दूसरे दिन प्रतिनिधि सत्र एवं सांगठनिक प्रक्रियाएं पूरी की गई। इस मौके पर प्रदेश सचिव डा. गिरीश शर्मा कहा कि देश और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों में किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर हैं। सरकार कारपोरेट घरानों को मजबूत करने में लगी है तथा पूरे देश में हिंदू राष्ट्रवाद के नाम पर एक आतंक का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सीमाएं आज पुन: असुरक्षित हो गई हैं। इस देश में जब-जब भाजपा की सरकारें आई है, सीमा पर आतंक बढ़ा है। हमारे सैनिकों की कुर्बानियां बढ़ी हैं। लेकिन सरकार अपनी पीठ थपथपा कर जनता के बीच भ्रम पैदा करने में लगी है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि जब तक पूरे देश में कम्युनिस्टों की सरकार नहीं बनेगी, इस देश में समरसता का माहौल नहीं कायम होगा। अंत में प्रस्तुत रिपोर्ट में रामअवध, जनार्दन राम, राजेंद्र यादव, रामजी गुप्ता, सुरेंद्र राम, रामायण यादव, बच्चे लाल, सीताराम यादव, राम परीखा यादव, रामशब्द राम, अरुण सिंह, रामाशंकर सिंह, बब्बन सिंह यादव आदि ने बहस में हिस्सा लेते हुए पार्टी की मजबूती पर अपना विचार रखा। इसके बाद जिला सचिव द्वारा 51 सदस्यीय जिला कौंसिल से राज्य सम्मेलन के लिए प्रतिनिधियों का चुनाव कराया गया। सम्मेलन में नवनिर्वाचित जिला काउंसिल की बैठक हुई, जिसमें कार्यसमिति से अमेरिका सिंह यादव जिला सचिव, रामअवध, जनार्दन राम सहसचिव और रामलाल कोषाध्यक्ष चुने गए। इससे पूर्व सम्मेलन का शुभारंभ प्रदेश सचिव डा. गिरीश शर्मा द्वारा झंडातोलन से हुआ। इसके बाद डा. रामबदन सिंह, श्यामा प्रसाद राजभर, बाबूराम प्रधान के अध्यक्षीय मंडल में जिला सचिव अमेरिका सिंह यादव ने रिपोर्ट प्रस्तुत किया। अंत में रामबदन सिंह ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सम्मेलन समाप्ति की घोषणा की।