गाजीपुर। ओटीएस योजना 2024-25 के तहत 3320 बकाएदार उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है। इनमें 2014 ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने योजना का लाभ पाने के लिए पंजीकरण कराया लेकिन बकाया बिल का भुगतान नहीं किया। इन पर भी 5.59 करोड़ रुपये का बकाया है। अब ऐसे उपभोक्ताओं को 31 जुलाई तक का समय दिया गया है।
जिन उपभोक्ताओं ने ओटीएस योजना के तहत पंजीकरण कराया था लेकिन किन्हीं कारणवश बकाए बिल का भुगतान नहीं कर पाए, उन्हें अतिरिक्त शुल्क के रूप में एक हजार रुपये या मिलने वाली छूट का 10 प्रतिशत जमा करना होगा। इसके तहत वे ओटीएस योजना का लाभ ले सकते हैं। एक जुलाई से ओटीएस के डिफॉल्टरों को सहूलियत देने का सिलसिला चल रहा है, जो 31 जुलाई तक चलेगा। वहीं बिजली निगम कॉल कर ऐसे उपभोक्ताओं को जागरूक कर रहा है। एक-एक बकाएदार का नंबर लिस्ट में से निकालकर बिजली निगम के कर्मी फोन कर उनके बकाए के बारे में बता रहे हैं। साथ ही यह भी बता रहे हैं कि वह 31 जुलाई तक लाभ ले सकते हैं। प्रतिदिन 300 उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बिजली निगम के फोन की घंटी बज रही है।