गाजीपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के चांडीपुर गांव में सेवानिवृत्त सैनिक अरविंद यादव के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों का सम्मान राष्ट्र का गौरव है और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने सैनिकों के सम्मान एवं अधिकारों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।
समारोह में अरविंद यादव को पुष्पमाला, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुनीता सिंह ने समाजवादी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर आईं 20 से अधिक महिलाओं को पार्टी की सदस्यता भी दिलाई तथा महिलाओं से सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।