गाजीपुर। राजकीय सिटी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य हरेंद्र कुमार यादव ने अधिशासी अभियंता को पत्रक सौंप टूटे तार और खंभा को दुरुस्त कराने की मांग की है। कहा है कि तारों की तरफ से करेंट लगने का खतरा बना हुआ है। दिए गए पत्रक में उन्होंने कहा है कि 25 अप्रैल को राजकीय सिटी इंटर कालेज परिसर से ललितपुर एवं झांसी में होने वाले लोकसभा चुनाव में ड्यूटी के लिए होमगार्ड के जवानों को जाना था। इसके लिए कालेज के खेल में मैदान में बड़ी संख्या में रोडवेज की बसें आई थी। देर रात होमगार्डों को लेकर बसों के रवाना होने का क्रम शुरु हुआ। इसी दौरान रात करीब 12 बजे मैदान के पास लगे विद्युत खंभा से एक बस की टक्कर हो गई, जिससे खंभा टूट गया और विद्युत तार रास्ते में फैल गया। इस मैदान में प्रतिदिन भोर में सैकड़ों की संख्या में बच्चे खेलने आते हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में लोग टहलने के लिए भी आते हैं। तारों की वजह से करेंट लगने का खतरा बना हुआ है। कोई करेंट की जद में न आए, इसके लिए सुबह विद्यालय का गेट बंद रखा जा रहा है, जिससे लोग टहलने के लिए नहीं आ पा रहे हैं। इसलिए जल्द से जल्द दूसरा खंभा लगाकर तारों को दुरुस्त किया जाए। इस संबंध में विद्युत विभाग के नगर एसडीओ शिवम राय ने बताया कि बस की टक्कर से जो खंभा टूटा है, उसका कोई इस्तेमाल नहीं था। इस खंभे पर दौड़े तारों में करेंट नहीं है। रास्ते में फैले तारों को जल्द हटवा दिया जाएगा।