जमानिया। चुनाव आचार संहिता प्रभावी होने के साथ ही पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकसी बढ़ा दी है। जमानिया, सुहवल, दिलदारनगर, नगसर, रेवतीपुर थाना में अब तक 1683 लोगों के खिलाफ 107/116 के तहत पाबंदी की कार्रवाई की गई है। जबकि मिनी गुंडा एक्ट में करीब 13 लोगों का चालान किया गया है।
क्षेत्राधिकारी कुलभूषण ओझा ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाके में ऐसे लोग, जिनके खिलाफ दो से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हों, पूर्व में चुनावी रंजिश मामलों में नामजद आरोपियों को सूचीबद्ध कर उन्हें पाबंद करने की कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्रों में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियां संचालित होने पर थाना प्रभारी को जिम्मेदार मानकर कार्रवाई की जाएगी। सर्किल के सभी थाना क्षेत्रों में आपराधिक मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक कोतवाली जमानिया में 42 चालानी रिपोर्ट के सापेक्ष 1039 अभियुक्त, सुहवल थाने में 19 चालानी रिपोर्ट के सापेक्ष 285, दिलदारनगर थाने में दो चालानी रिपोर्ट के सापेक्ष 92, नगसर हाल्ट थाने से आठ चालानी रिपोर्ट के सापेक्ष 267 अभियुक्तों के विरुद्ध शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। बताया कि 110 जी मिनी गुंडा एक्ट के तहत सुहवल थाना में 10 और नगसर में तीन अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। बताया कि जिन अभियुक्तों के विरुद्ध दो से अधिक आईपीसी की धाराओं में अपराध पंजीकृत हैं, उन सभी पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। थाना स्तर पर ऐसे लोगों की सूची तैयार है। कहा कि बीट कांस्टेबल के माध्यम से सीआई रजिस्टर तैयार करें, जिसमें सांप्रदायिक घटनाएं, पूर्व की चुनावी रंजिश, विवाद एवं अपराधियों का विवरण अंकित किया जाए। चुनाव में सक्रिय रहने वाले व्यक्तियों की सूची एवं उनके आपराधिक रिकार्ड की जानकारी भी जुटाए जाने का निर्देश दिया गया है।