गाजीपुर। भारतीय बिंद केवट कश्यप जागरण कल्याण समिति के तत्वावधान में पुलिसिया उत्पीड़न को लेकर शुक्रवार को सरजू पांडेय पार्क में धरना दिया गया। इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने एक स्वर से आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर निषाद पार्टी के नाम पर बिंदों, निषादों के गांव में पुलिस ने रात में दबिश देकर सोते हुए लोगों को मारापीटा। घरों में तोड़फोड़ कर गुंडागर्दी की और निर्दोष लोगों को सलाखों के पीछे डाल दिया। पुलिस के साथ पत्थरबाजी करने वाले तो अन्यत्र भाग गए, लेकिन निर्दोष लोगों पर पुलिस आफत बन कर टूट रही है। इस प्रकार की कार्रवाई बंद नहीं की गई तो समाज के लोग चुप नहीं बैठेंगे।
कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही हैं। वर्तमान में अपराधियों में भय नाम की कोई चीज नहीं है। आएदिन हत्या, लूट, छिनैता आदि हो रही है, जिसे रोक पाने में प्रदेश सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। अंत में राज्यपाल को संबोधित पुलिसिया जुल्म एवं अत्याचार पर रोक लगाने, फर्जी मुकदमे वापस करने आदि मांग पत्र डीएम को सौंपा गया। धरना में श्याम सुंदर निषाद, लालता प्रसाद निषाद, रामभुवाल निषाद, प्रवीण, राजपाल निषाद, विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, अशोक कुमार बिंद, सूरज राम बागी, परशुराम बिंद, नंदलाल बिंद, बिंदुवाला आदि उपस्थित थीं। अध्यक्षता बजरंगी प्रसाद बिंद और संचालन चौधरी मुसाफिर बिंद ने किया।