गाजीपुर। अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) और भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर तुलसीसागर स्थित कार्यालय से बुधवार को पैदल मार्च निकाला। सभी ने जिला पूर्ति कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान सभाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया।
सभ को संबोधित करते हुए जिला सचिव रामप्यारे राम ने कहा कि जनता का ध्यान हटाने के लिए मोदी सरकार द्वारा सवर्णों को दस प्रतिशत आरक्षण देने की बात उठाई जा रही है। केंद्र सरकार ने जनता और संविधान के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है। उन्होंने गांवों में दो सौ दिन काम, पांच सौ रुपये न्यूनतम रोजाना मजदूरी के साथ ही हर मनरेगा जॉब कार्डधारक को पेंशन देने की मांग उठाई। कहा कि इस सरकार ने शिक्षा के बजट को 45 हजार करोड़ से घटाकर 25 हजार करोड़ कर दिया। बायोमेट्रिक मशीन से राशन बांटने के नाम पर गरीबों के राशन की सरेआम लूट की जा रही है। जिलाध्यक्ष नंदकिशोर बिंद ने कहा कि मोदी सरकार की महंगाई की मार से उज्जवला योजना का पात्र गरीब रसोई गैस नहीं भरा पा रहा है। किसानों पर आवारा पशुओं की जिम्मेदारी थोपने के बजाय योगी सरकार किसानों की फसल बचाने के लिए कारगर प्रबंध करे। प्रदर्शन सभा में राजेश बनवासी, गुलाब सिंह, योगेंद्र भारती, मोती प्रधान, योगेंद्र यादव, लालबहादुर बागी, मंजू गोड़, सरोज यादव, विजयी बनवासी, रामजन्म बनवासी, डा. रणवीर सिंह, सुरेश कुशवाहा, गोरख राजभर ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता गुलाब सिंह तथा संचालन अमरनाथ पासवान ने किया।