जखनियां। सीआरपीएफ के सब -इंस्पेटर श्याम बिहारी गिरी की बीमारी से मौत के बाद उनका शव बुधवार को उनके पैतृक गांव हुसनपुर लाया गया। दो दिन पहले उसकी तबियत खराब हो जाने के बाद उन्हें मुरादाबाद के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना के बाद घर में मातम छा गया। पिता शोभनाथ गिरी का रोते-रोते बुरा हाल था।
वह जनपद रामपुर में तैनात थे और काफी मिलनसार स्वभाव के थे। परिजनों ने बताया कि अभी 15 दिन पहले ही वह घर से ड्यूटी पर रामपुर यूनिट गए थे। बीमार होने के बाद अधिकारियों ने उन्हें विवेकानंद अस्पताल मुरादाबाद में भर्ती कराया था तथा परिजनों को सूचना दी। पत्नी कलावती देवी तथा लड़के मुरादाबाद हास्पीटल में पहुंच गए थे। सुबह करीब 11 बजे उनका पार्थिव शरीर लेकर सहायक कमांडेट ए राधाकृष्णन, एसआई जी बालाकृष्णन आवास पर पहुंचे। जानकारी मिलने के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। अधिकारियों ने अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार रुपये भी दिए। ग्रामीणों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित किया। बाद में शासकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर प्रमोद वर्मा, अवधेश यति, उमाशंकर यादव, धीरेंद्र सिंह, चिंटू गुप्ता, प्रशांत सिंह, जुगनू श्रीवास्तव, दयाशंकर सिंह आदि मौजूद रहे।
सैदपुर/औड़िहार। कोतवाली सैदपुर में वर्षों से तैनात सिपाही हरिशंकर यादव (50) की तबियत काफी दिनों से खराब चल रही थी। बुधवार की सुबह करीब सात बजे अचानक उसकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई। आनन-फानन में पुलिस कर्मी उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने निधन की जानकारी घर वालों को दी। मृतक प्रयाग जनपद के हंडिया का निवासी था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।