गाजीपुर। किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए किसान दिवस की बैठक गुरुवार को विकास भवन के सभागार में हुई। इस अवसर पर उपस्थित किसानों ने कृषि, विद्युत, पानी, नहर, उद्यान, सोलर पंप, सिंचाई आदि विभागों से संबंधित अपनी-अपनी समस्याओं को रखा। जिलाधिकारी ने लघु सिंचाई के सहायक अभियंता के बैठक में उपस्थित न होने पर उनका एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी के बालाजी ने संबंधित विभाग के अधिकारी को समस्या के समाधान के लिए स्थलीय निरीक्षण करते हुए समय से निराकरण कराने का सख्त निर्देश दिया। चेताया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इस अवसर पर डिप्टी आरएमओ रतन कुमार शुक्ला ने उपस्थित किसानों को विकास खंडवार धान क्रय केंद्र की सूची पढ़ कर सुनाया। यूरिया खरीद पर बीमा के संबंध में जानकारी दी गई। रानीपुर, पहाड़पुर, कुसुम्हीकला एवं महाराजगंज में डाई की बोरी खरीद पर अधिक वसूली की शिकायत पर जिलाधिकारी ने केंद्र के संबंधित कर्मचारी के खिलाफ जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। सोलर पंप बोरिंग के संबंध में बताया गया कि 36 लोगों का पैसा जमा है जिसमें दस का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। बोरिंग कार्य जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। किसान दिवस की बैठक में खेती में आने वाली समस्याओं के निदान, पानी, विद्युत की उपलब्धता, ग्रामीण रोस्टर के अनुसार नहरों के संचालन, नहरों की साफ-सफाई आदि विषयों पर किसान एवं किसान प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समय से निस्तारण कराए जाने आदि पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समय से बीज, पानी, खाद की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। जहां-जहां ट्रांसफार्मर खराब स्थिति में हैं उसे तत्काल ठीक करने तथा जर्जर विद्युत तार को अविलंब बदलने का निर्देश दिया। बैठक में उपनिदेशक कृषि यूपी सिंह, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी डा. एसके वर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।