गाजीपुर। बारावफात पर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मुस्लिम इलाकों में बुधवार को जुलूस निकाला गया। पैगंबरे इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैह वसल्लम के जन्म दिवस का जश्न मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पूरे आस्था एवं परंपरा के साथ मनाया। इस सिलसिले में मस्जिदों, खानकाहों, जियारतगाहों, इमाम बारगाहों को आकर्षक ढंग से रंग-बिरंगी झालरों, झंडियों से सजाया गया था। एक दिन पूर्व संध्या पर जश्ने-चिरागां किया गया। घरों में मीठे पकवान बना कर फातिहाख्वानी की गई। इस्लामिक झंडों के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस में सरकार की आमद मरहबा, दिलदार की आमद मरहबा के नारों के साथ नातिया कलाम पढ़े गए तथा जलसे आयोजित किए गए।
बारावफात पर बुधवार को दावत-ए-इस्लामी के बैनर तले अजीमुश्शमान जुलूस-ए-मिला मिलाद नगर के टाउन हाल से निकाला गया। प्रकाश टाकीज, पचरस्ता, लालदरवाजा, पावरहाउस, झुन्नूलाल का चौराहा, सैय्यदबाड़ा होते हुए टाउनहाल के मैदान में पहुंच कर समाप्त हुआ। जुलूस में शामिल लोग इस्लामिक झंडा लहराने के साथ ही सरकार की आमद मरहबा, दिलदार की आमद मरहबा का नारा लगाते हुए चल रहे थे। जुलूस में अफजल हुसैन, व्यापार मंडल के अध्यक्ष अबू फखर खां, राईनी समाज के अध्यक्ष अतीक राईनी, नेहाल अहमद, मुहम्मद अरशद, वजहुल कमर, हाफिज निजामुद्दीन, शालू, जाहिद, गुलशन राईनी, सिकंदर खान, दोजाना, अवसर आलम, समीर अंसारी, शमशाद अंसारी सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे। शेख अब्दुल बासित अलहे सुन्नत कमेटी कपूरपुर की तरफ से जुलूस निकाला गया। इसमें अशफाक, जलालुद्दीन, एकलाख, अशरफ राईनी सहित दर्जनों लोग शामिल थे। इसके अलावा नगर के विभिन्न कमेटियों की तरफ से पैगंबरे इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैह वसल्लम के जन्मदिवस के अवसर पर इस्लामिक झंडों के साथ जुलूस निकाले गए। जुलूस में सरकार की आमद मरहबा, दिलदार की आमद मरहबा के नारों के साथ नातिया कलाम पढ़े गए तथा जलसे आयोजित किए गए। मस्जिदों, खानकाहों, जियारतगाहों, इमाम बारगाहों को आकर्षक ढंग से रंग-बिरंगी झालरों, झंडियों से सजाया गया था। जश्ने-चिरागां किया गया। घरों में मीठे पकवान बना कर फातिहाख्वानी की गई।