औड़िहार। जनपद की संवासनी गृहों की व्यवस्था के निरीक्षण के लिए गठित की गई मानीटरिंग कमेटी की तीन सदस्यीय टीम सैदपुर क्षेत्र के रस्तीपुर स्थित स्व. शिवपूजन पाठक बालगृह (बालिका ) परिसर में अचानक पहुंच गई। टीम सिविल जज संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची थी। जबकि उनके साथ एडीजे एवं एडीजे प्रथम भी मौजूद थे।
सिविल जज संजय कुमार सिंह की टीम ने गहन जांच-पड़ताल की। जिसमें कई खामियां एक साथ नजर आईं। टीम ने संवासिनियां उपस्थिति पंजिका के अनुरूप मिली, लेकिन कर्मचारी रजिस्टर की उपस्थित पंजिका देखते ही टीम के सदस्यों की त्योरी चढ़ गई। पंजिका में बाल कल्याण अधिकारी रानी चौरसिया का हस्ताक्षर अग्रिम दिवस तक किया गया था। इसके लिए जांच टीम ने निदेशक से जवाब-तलब करते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने एवं स्पष्टीकरण से टीम को अवगत कराने का फरमान जारी किया। संवासिनी गृह में बेहतर शौचालय न होने, टीबी फुटेज अधिकारियों को दिखाए जाने की सुलभता न होने पर जहां टीम असंतुष्ट नजर आई, वहीं टीम ने खान-पान की व्यवस्था को और मजबूत करने को कहा। वहां रह रही संवासिनियों की सुरक्षा व्यवस्था ठीक बनी रहने के लिए टीम ने परिसर में सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाने की हिदायत दी। उपस्थित संवासिनियों ने कार्यरत कर्मचारियों के व्यवहार की प्रशंसा की। पंजिका में दर्ज 29 संवासिनी में सभी उपस्थित रहीं। जबकि कर्मचारी पंजिका में दर्ज 12 में छह अनुपस्थित मिलीं। जांच टीम ने बड़ागांव स्थित पं. भोलानाथ मिश्र बाल गृह (बालक) का भी निरीक्षण कर कई आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर बाल गृह के निदेशक आरपी मिश्रा भी उपस्थित थे।