जमानिया(गाजीपुर)। क्षेत्र केे कसेरा पोखरा स्थित सन शाइन पब्लिक स्कूल के परिसर में विज्ञान एवं आर्ट्स क्राफ्ट की प्रदर्शनी के साथ रंगोली एवं कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों की ओर से विभिन्न प्रकार के मॉडल बनाए गए थे। प्रदर्शनी के आकर्षण का केंद्र बैट्री से संचालित साइकिल रही। यह 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार सेे एक बार में 30 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। कक्षा-10 की छात्रा शृृष्टि की ओर से बनाई गई साइकिल को देख लोगों ने खूब सराहा।
इससे पहले विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन एवं मुुख्य अतिथि सर्वानंद सिंह ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, होम ऑटोमेशन, पब्लिक वाटर सिस्टम ऑटोमैटिक गेट जैसे मॉडल बनाकर वाहवाही लूटी। विद्यालय के विभिन्न हाउस के छात्र-छात्राओं के बीच दीपावली कार्ड मेकिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसे सीनियर, सब जूनियर एवं जूनियर भाग में विभाजित किया गया था। रंगोली प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में जूपिटर हाउस, सब जूनियर वर्ग में मरकरी हाउस, जूनियर वर्ग में वीनस हाउस पहले स्थान पर रहा। कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में साक्षी पांडेय, नेहा यादव, आदित्य कुमार, जूनियर वर्ग में सिमरन सिंह, अमृता सिंह, आंचल मौर्य, सब जूनियर वर्ग में अंश खरवार, आस्था केसरी, सरस्वती कुमारी को क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, प्रबंधक अमित कुमार सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. आर लाल, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्त, ओमप्रकाश यादव, देवेश कुशवाहा, प्रमोद आदि उपस्थित थे।