गाजीपुर। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति की तहरीर पर सपा नेता देवराज सिंह ठाकुर सहित पांच नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ भूमि पर कब्जा करने की कोशिश करने और महिला से अश्लील हरकत के मामले में रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी रामजी पांडेय ने रविवार को कोतवाली में तहरीर दी। दी गई तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया कि बीते 5 सितंबर को मेरे न रहने पर सपा नेता देवराज सिंह ठाकुर, इनके पुत्र रितेश सिंह, भतीजा राजन सिंह, मोनू सिंह, सोनू उर्फ राजीव सहित पांच अज्ञात लोग मेरे आवास पर पहुंच गए। इन्होंने मेरी बहू के साथ छेड़खानी करने के साथ ही मारपीट की और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शरदचंद त्रिपाठी ने कहा कि पीड़ित की तहरीर पर सपा नेता देवराज सिंह ठाकुर, इनके पुत्र रितेश सिंह, भतीजा राजन सिंह, मोनू सिंह, सोनू उर्फ राजीव सहित पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इन लोगों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।