कठवामोड़(गाजीपुर)। नोनहरा थाना क्षेत्र के रसूलपुर कंधवारा में सोमवार की सुबह बेसो नदी में एक महिला का शव उतराया मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उक्त प्रकरण में मृतका के पिता ने दामाद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की खोजबीन के साथ ही पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
रसूलपुर कंधवारा गांव के कुछ लोगों ने सोमवार की सुबह बेसो नदी किनारे एक महिला का शव उतराया हुआ देखा। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इंद्रकांत मिश्रा और कठवामोड़ चौकी इंचार्ज पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। शव देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसकी मौत कुछ ही घंटे पहले हुई है। महिला के हाथ पर विमली-कल्लू गुदा हुआ था। वह नीले रंग की फूलदार साड़ी और बैगनी रंग का ब्लाउज पहने हुई थी। छानबीन के बीच पुलिस ने महिला की शिनाख्त जंगीपुर थाना क्षेत्र के बघोल निवासी कल्लू बिंद की पत्नी विमली (30) के रूप में की। नोनहरा पुलिस ने तत्काल शव मिलने की घटना से जंगीपुर पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलने पर मृतका के पिता सहित अन्य लोग थाने पहुंच गए। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिलाइचिया निवासी मृतका के पिता अभिमन्यु बिंद ने बताया कि विमली की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी दो पुत्रियां हैं। उसके पेट में तीन माह का गर्भ भी था। इस मामले में मृतका के पिता ने थाने में दामाद कल्लू बिंद के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर कल्लू बिंद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपी बहुत जल्द पुलिस के फंदे में होगा।