भांवरकोल(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुंडेरा बुर्जुग के टीकापुर निवासी बीएसएफ के सिपाही की बीते बुधवार को जम्मू-कश्मीर में ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह शव घर आते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया। सेना के जवानों द्वारा सलामी देने के बाद जवान के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
ग्राम पंचायत मुंडेरा बुर्जुग के टीकापुर गांव निवासी रामसुंदर यादव का पुत्र सुरेंद्र यादव (45) बीएसएफ में हवलदार के पद पर जम्मू-कश्मीर में तैनात था। बीते एक अगस्त की दोपहर उसके सिर में तेज दर्द होने से वह बेहोश हो गया। इस पर जवान उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों उन्हें मृत घोषित करते हुए बताया कि उनकी मौत ब्रेन हेमरेज से हुई है। मौत की सूचना आते ही परिवार वाले रोने-बिलखने लगे और शव के घर आने की राह निहारने लगे। हवाई जहाज से शव कश्मीर से दिल्ली आया और यहां से वाराणसी बाबतपुर आने के बाद वाहन से रात में डेढ़ बजे भांवरकोल थाने लाया गया। शुक्रवार की सुबह आठ बजे शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। शव के साथ आए बीएसएफ के एसआई बीएन चौधरी और अन्य चार जवानों और थाना प्रभारी ने सलामी दी। इसके बाद इसके बाद कोटवा नरायनपुर गंगा घाट के लिए शव यात्रा निकली। यहां पर जवान का अंतिम संस्कार किया गया।