गाजीपुर। पिछले कई दिनों से इंद्र की मेहराबी का इंतजार कर रहे लोगों के चेहरे मंगलवार की देर शाम उस समय खिल गए, जब बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक हुई बारिश से मौसम काफी ठंडा हो गया और गर्मी से परेशान लोगों ने काफी राहत महसूस की। काले बादलों को देख लोग अबतब फिर से अच्छी बारिश की कयास लगाते रहे।
पिछले करीब तीन सप्ताह से धूप और बदली का खेल चल रहा था। बदली छाने पर जहां गर्मी से कुछ राहत महसूस करते हुए बारिश का कयास लगाने लग रहे थे, वहीं इसी बीच धूप निकल जाने से निराश हो जा रहे हैं। हालांकि इस दौरान कई ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश भी हुई, लेकिन शहर में इंद्रदेव प्रसन्न नहीं हो रहे थे। बार-बार इस तरह से काली घटाए छाती रही, जिसे देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अबतब मूसलधार बारिश होगी, लेकिन बारिश नहीं हो रही है। इससे भीषण गर्मी और उमस से हर कोई बेहाल था। पिछले दिनों की तरह मंगलवार की सुबह से ही धूप और छाव का खेल शुरू हो गया। लोग बार-बार ऊपर वाले से विनती करते रहे कि अच्छी बारिश हो और गर्मी और उमस से राहत मिले। लेकिन शाम तक धूप और बदली के खेल के बीच बारिश की एक बूंद तक नहीं गिरी। लोग निराश थे। इसी बीच देर शाम साढ़े छह बजे अचानक तेज बारिश का क्रम शुरू हुआ। इससे लोगों के चेहरा खुशी से खिल उठे। मार्गों पर आवागमन कर रहे जहां अधिकांश लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों के टीनशेडों और मकानों के बारजे से नीचे रूक कर बारिश बंद होने का इंतजार करने लगे, वहीं कई लोग बारिश में भींगकर इसका आनंद लेते नजर आए। नगर के सहकारी कालोेनी स्थित आमघाट गांधी पार्क में खेल रहे बच्चें बारिश शुरु होते ही खुश हो गए। वह भीगते हुए पार्क में दौड़ लगाने के साथ ही सड़क पर दौड़ने लगे। बारिश होने तक भींगने हुए इसका आनंद उठाया। बारिश होने से गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली। काले बादलों को देख लोग यह कयास लगाते रहे कि शायद रात में झमाझम बारिश हो।