करंडा(गाजीपुर)। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी श्रवण कुमार ने बुधवार को करंडा एवं देवकली विकास खंड के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस बीच खामियां पाए जाने पर दो अध्यापकों को निलंबित कर उसी विद्यालय से संबद्ध कर दिया। बीएसए के औचक निरीक्षण से शिक्षकों में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय चांड़ीपुर के निरीक्षण के समय विद्यालय के अध्यापक मोबाइल पर गाना सुन रहे थे। विद्यालय में 58 छात्र हैं, लेकिन नामांकन के सापेक्ष एक भी छात्र उपस्थित नहीं थे। कमरों का ताला तक नहीं खुला था। विद्यालय की रंगाई-पुताई भी नहीं हुई है। बताया कि छात्रों की शून्य उपस्थिति के संबंध में प्रधानाध्यापक से पूछे जाने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। तत्काल प्रभाव से विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक को निलंबित करते हुए उसी विद्यालय से संबद्ध रखा गया है। प्राथमिक विद्यालय बेलासी के निरीक्षण के समय शिक्षामित्र अनुपस्थित पाई गई। अनुपस्थित शिक्षामित्र का उक्त दिवस का मानदेय बाधित करने का आदेश दिया। बीएसए ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय चांड़ीपुर के निरीक्षण के समय 105 छात्र नामांकन के सापेक्ष पांच छात्र उपस्थित पाए गए। विद्यालय की रंगाई-पुताई एवं बच्चों को ड्रेस का वितरण नहीं कराया गया है। तत्काल प्रभाव से विद्यालय के प्रधानाध्यापक का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। बीएसए ने प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुसुम्ही कला के छात्र-छात्राओं को ड्रेस एवं बैग का वितरण किया।