गाजीपुर। ग्राम रोजगार सेवक संगठन के जिला ब्लाक कार्यकारिणी के सदस्यों की बैठक सरजू पांडेय में मंगलवार को हुई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष नागेंद्र यादव ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक 24 माह से मानदेय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बावजूद इसके अधिकारियों द्वारा झूठा आश्वासन दिया जा रहा है। इससे रोजगार सेवकों में आक्रोश है। मानदेय को लेकर दो मई से ग्राम रोजगार सेवक कार्य बहिष्कार करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनपद के ग्राम रोजगार सेवक को ईपीएफ का लाभ देने का एक वर्ष पूर्व ही आदेश शासन द्वारा दिया जा चुका है, लेकिन अब तक ईपीएफ को किसी भी विकास खंडों में नहीं लागू किया गया। जनपद के अधिकारियों से बार-बार पत्रक के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है कि ग्राम रोजगार सेवक 24 माह से मानदेय के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान के नाम पर सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। कहा कि अब ग्राम रोजगार सेवक मानदेय नहीं तो काम नहीं की तर्ज पर अपने अधिकार की लड़ाई लड़ेगा। समस्या को लेकर दो मई से ग्राम रोजगार सेवक पूरे जनपद में कार्य बहिष्कार कर विकास के पहिये को ठप करेंगे। आठ मई से विकास भवन पर धरना-प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल किया जाएगा। आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों ने जोश-खरोश के साथ आवाज बुलंद की। बैठक में पिंटू पांडेय, आलोक यादव, शशिकांत गिरी, रामविलास, सत्येंद्र, विकास यादव, रमेश, रत्नाकर कुमार, प्रदीप, विजय यादव, सूबेदार, राकेश सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे। संचालन अशोक यादव एवं राजकुमार चौबे ने संयुक्त रूप से किया।