दिलदारनगर बाजार में आंधी व पानी में गिरा पेड़।
गाजीपुर। देर रात तेज आंधी के साथ हुई बारिश से शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेेत्रों की बिजली आपूर्ति ध्वस्त हो गई। शहर में भी बत्ती घंटों गुल रही। इस दौरान जहां लोगों को तरह-तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा, वहीं पेयजल आपूर्ति ठप होने से पानी के लिए परिश्रम करते हुए हैंडपंपों तक की दौड़ लगानी पड़ी।
रात में करीब तीन बजे आंधी शुरू होते ही शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति बंद कर दी गई। बत्ती गुल होते ही गर्मी की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई। जम्हाई लेते हुए लोग बिजली आने का इंतजार करने लगे। आंधी की वजह से जगह-जगह फाल्ट होने और कई स्थानों पर तार पर पेड़ की टहनी गिरने से शहर के कई इलाकों की आपूर्ति प्रभावित हो गई। लाल दरवाजा फीडर की आपूर्ति पांच बजे शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद फाल्ट को दुरुस्त करने के लिए पुन: छह बजे सप्लाई बंद कर दी गई। इसके बाद साढ़े आठ बजे सप्लाई शुरू की गई, जबकि बड़ी बाग फीडर की आपूर्ति रात तीन से दिन में दस बजे तक बंद रही। सिद्धार्थ मोटेल के पास तार पर पेड़ गिरने से एक नंबर फीडर की आपूर्ति लगातार दस घंटा तक बंद रही। इसके अलावा आंधी और जगह-जगह खराबी की वजह से शहर के पीरनगर विद्युत उपकेंद्र से संबंधित ददरीघाट की आठ घंटा, कचहरी पांच घंटा और पत्थर घाट फीडर की आपूर्ति दो घंटा बंद रही। घंटों बत्ती गुल होने से जहां भीषण गर्मी में लोगों में परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं सुबह पानी के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। प्रकाश विद्युत उपकेंद्रों पर तैनात एसएसओ अरविंद कुमार ने बताया कि रात में तीन बजे आंधी शुरू होते ही सप्लाई बंद कर दी गई। पांच बजे लालदरवाजा फीडर की सप्लाई शुरू की गई। फाल्ट दुरुस्त करने की वजह से पुन: 6 से 8.40 तक सप्लाई बंद रही। तार पर पेड़ की टहनी गिरने से एक नंबर फीडर की आपूर्ति 10 घंटा और फाल्ट की वजह से बड़ीबाग फीडर की आपूर्ति सात घंटा बंद रही।एसएसओ नेहाल खान ने बताया कि आंधी और जगह-जगह खराबी की वजह से दररीघाट आठ घंटा, कचहरी पांच घंटा और पत्थर घाट की सप्लाई दो घंटा बंद रही। जमानिया संवाददाता के अनुसार तेज आंधी के दौरान हरपुर में दो बेटाबर में दो मलसा में एक और गाय घाट में एक विद्युत खंभा गिर पड़ा। इससे संबंधित क्षेत्रों की बत्ती गुल हो गई। जेई तपस कुमार ने बताया कि तार-खंभों को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। देर शाम तक आपूर्ति बहाल हो जाएगी। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार कई जगह विद्युत खंभा और तार टूटने से नगर की आपूर्ति ठप हो गई। तार-खंभों को दुरुस्त कर आठ घंटा बाद आपूर्ति बहाल की गई। इसके आंधी-पानी की वजह से कई ग्रामीण क्षेत्रों में फाल्ट होने से घंटों आपूर्ति ठप रही। इससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा।