सुहवल(गाजीपुर)। कटान से गांव को बचाने के लिए सेमरा शिवराय का पुरा निवासी रामबचन राय के नेतृत्व में पांच सदस्यीय दल शुक्रवार को रेवतीपुर गांव पहुंच कर पूर्व विधायक पशुपति नाथ राय से मिला। साथ ही बैठक कर क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से सहयोग भी मांगा।
इस मौके पर दल का नेतृत्व कर रहे रामबचन राय ने कहा कि अब तक जितनी भी सरकारें आई, लेकिन सभी ने सिर्फ कोरा आश्वासन देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गंगा का कटान लगभग 17 वर्षों से हो रहा है, लेकिन आज तक किसी ने इस गंभीर समस्या का समाधान करने की बात तो दूर पीड़ितों की सुध लेना तक मुनासिब नहीं समझा। कटान के चलते गंगा में अब तक लगभग 15 सौ बीघा भूमि विलीन हो चुकी है। पूर्व विधायक पशुपति नाथ राय ने कहा कि सेमरा शिवकारायपुरा के पीड़ित बेघर ग्रामीणों का हर हाल में साथ दिया जाएगा। उनके सुख- दुख में कदम से कदम मिला चलने का वादा करने के साथ ही गांव के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे को लेकर आंदोलन में जरूरत पड़ने पर जनसमर्थन देने का भरोसा दिया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख मुकेश राय, विपिन राय, श्रीनाथ, मनोज राय, डब्बू राय आदि मौजूद रहे।