जिले में बोर्ड परीक्षा कराने की तैयारी जारी है। जिला प्रशासन भी नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए दृढ संकल्पित है। शुक्रवार तक 80 प्रतिशत प्रश्नपत्र और कापियों का वितरण विभिन्न केंद्रों पर किया जा चुका है। प्रवेश पत्र का वितरण पूर्ण हो चुका है। सैदपुर ब्लाक में सबसे अधिक 31 विद्यालय परीक्षा केंद्र बने हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 6 फरवरी से शुरू हो रही है। कुल 279 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के एक लाख चौंतीस हजार पांच सौ तीस और इंटर के एक लाख एक हजार पांच सौ सैंतालीस परीक्षार्थी बैठेंगे। जिले में सिर्फ हाईस्कूल की परीक्षा के लिए कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि हाईस्कूल एवं इंटर दोनों की परीक्षा के लिए 273 केंद्र बने हैं। परीक्षा केंद्रों की जारी सूची के मुताबिक सैदपुर ब्लाक के सबसे अधिक 31 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा सादात ब्लाक में 29, मरदह और मनिहारी ब्लाक में 26-26, सदर और जखनिया ब्लाक में 24-24, देवकली में 21, कासिमाबाद में 15, बिरनो में 14, करंडा में 12, भांवरकोल, जमानिया, मुहम्मदाबाद में 11-11, रेवतीपुर, बाराचवर में 09-09 और भदौरा में 06 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। तहसीलवार केंद्रों का आवंटन जो किया गया, उसमें जखनिया में 79, सैदपुर में 57, सदर में 56, कासिमाबाद 34, मुहम्मदाबाद में 27, जमानिया में 19 और सेवराई में 07 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक जिले के पांच परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यो के स्थान पर एडेड या राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है।