गाजीपुर। यूपी जोन तृतीय वाराणसी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने 11 पदक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता वाराणसी में आयोजित हुई थी। इसमें कामयाबी पाकर लौटे खिलाड़ियों का डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष अलाउद्दीन अंसारी ने स्वागत किया।
एसोसिएशन के मुख्य सचिव विपिन सिंह यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में गाजीपुर के अलावा वाराणसी, सोनभद्र, मऊ, बलिया, फतेहपुर, मिर्जापुर एवं अन्य जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया। इस प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य पदक प्राप्त किया। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में काजल, सूरज बिंद, प्रशांत रहे। जबकि इल्मा आफरीन, सचिन कुशवाहा, अनुज कुशवाहा, सोनू बिंद, अब्दुल मलिक खान एवं श्यामसुंदर ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा पियूष यादव, दीपक वर्मा, सत्यम कुशवाहा, सुमित कुशवाहा, मुहम्मद मारुफ, सत्यम गुप्ता और महादेव को कांस्य पदक मिला। टीम के कोच मनोज कुमार बिंद एवं मैनेजर रवि यादव रहे।