गाजीपुर। नगर निकाय चुनाव के तहत 22 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान के लिए मंगलवार को मतदान कर्मी निर्धारित स्थानों से रवाना हो गए। एक पोलिंग पार्टी में चार मतदान कार्मिक शामिल हैं। मतदान कर्मियों की रवानगी के चलते संबंधित स्थानों पर घंटों गहमा-गहमी रही।
जिले की तीन नगर पालिका परिषदों एवं पांच नगर पंचायतों में पहले चरण में चुनाव कराया जा रहा है। होने वाले मतदान को निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। तीन नगरपालिका परिषदों गाजीपुर, मुहम्मदाबाद एवं जमानिया तथा पांच नगर पंचायतों सादात, जंगीपुर, दिलदारनगर, सैदपुर तथा बहादुरगंज में 266 मतदान स्थल बनाए गए हैं। इतनी ही संख्या में पोलिंग पार्टियां भी बनाई गई हैं। एक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय एवं मतदान अधिकारी तृतीय सहित चार मतदान कार्मिक हैं। दिन में सभी पोलिंग पार्टियां मतपेटी एवं मतदान सामग्री संग पोलिंग बूथों के लिए रवाना हो गईं। नगर पालिका परिषद गाजीपुर एवं नगर पंचायत जंगीपुर की पोलिंग पार्टी स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज, नपाप मुहम्मदाबाद इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद, नगर पंचायत बहादुरगंज की पोलिंग पार्टी नेशनल इंटर कॉलेज कासिमाबाद के परिसर से रवाना हुई। इसी तरह नपाप जमानिया एवं नगर पंचायत दिलदारनगर की पोलिंग पार्टियां जमानिया तहसील मुख्यालय, सैदपुर नगर पंचायत की पोलिंग पार्टी टाउन नेशनल इंटर कॉलेज तथा सादात नगर पंचायत के लिए पोलिंग पार्टियां जखनिया तहसील मुख्यालय से रवाना र्हुइं। इस दौरान कुछ मतदान कार्मिकों को अव्यवस्था का भी सामना करना पड़ा। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के चलते रवानगी स्थल पर पूरे दिन गहमा-गहमी बनी रही। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार इंटर कालेज मुहम्मदाबाद से मंगलवार को मतदान पार्टियां रवाना हुई। उप जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश यादव एवं तहसीलदार मोहनलाल गुप्ता ने अपनी उपस्थिति में सभी मतदान कर्मियों एवं पीठासीन अधिकारियों को बैलेट पेपर, मत पेटिका एवं अन्य जरूरी कागजात दिलाकर रवाना किया। उपजिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कोई भी कर्मचारी बिना सेक्टर मजिस्ट्रेट की अनुमति के पोलिंग बूथ छोड़कर अन्यत्र नहीं जाएगा। साथ ही कोई भी कर्मचारी किसी भी प्रत्याशी या राजनीतिक दल से कोई सुविधा नहीं लेगा। इसकी शिकायत मिलने पर उक्त कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।