गाजीपुर। जिले में शनिवार की देर रात करीब नौ बजे 19 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। ऐसे में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 591 ही शेष बची है। दो माह के भयावहता के बीच संक्रमितों का आंकड़ा कम होने से मेडिकल टीम ने राहत की सांस ली है। जिले में कोरोना की दूसरी लहर ने बीते अप्रैल माह से ऐसा तांडव मचाया था कि घर- घर बुखार एवं सर्दी से पीड़ित मरीज मिलने शुरू हो गए थे। यही नहीं प्रतिदिन 500 से ऊपर जहां मरीज मिल रहे थे। वहीं मौत के आंकड़ों में भी जबरदस्त वृद्धि होनी शुरू हो गई थी। ऐसे में जिला प्रशासन ने गांव - गांव जांच और वैक्सीनेशन का अभियान चलाया। इसका परिणाम यह रहा कि लगातार संक्रमण का दर गिरना शुरू हो गया। नए मिले संक्रमितों को अब स्वास्थ्य विभाग की टीम जहां ट्रेस करने में जुटी हुई है। वहीं सर्विलांस टीम इन संक्रमितों के संपर्क में आने वाले संदिग्धों की सूची तैयार करने में लग गई है। इस संबंध में एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने बताया कि 19 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन्हें ट्रेस करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।