गाजीपुर। आने वाले दिनों में नगर की तस्वीर बदलेगी। रेहड़ी व अस्थाई दुकानदारों को स्थायी ठिकाना मिलेगा। नगर के वेंडिंग जोन के लिए चिह्नित मार्ग पर 186 कार्ट दुकानों का निर्माण नगर पालिका की ओर से कराया जाएगा। इस पर 2 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।ईओ धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि नगर में वेंडिंग जोन निर्माण के लिए महुआबाग-ददरीघाट मार्ग को नगर पालिका की ओर से चिह्नित किया गया है। अब वेंडिंग जोन को एक सुव्यवस्थित बाजार के रूप में बसाने की तैयारी है। इसकी कवायद नगर पालिका प्रशासन कर रहा है। इसी के तहत तय किया गया है कि वेंडिंग जोन में 186 कार्ट दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। इसको लेकर बहुत जल्द टेंडर होने वाला है। टेंडर प्रक्रिया हो जाने के बाद वेंडिंग जोन एक नए लुक में नजर आएगा। वेंडर पहिया लगी हुई आकर्षक गाड़ियों में अपने खाद्य-पदार्थों की बिक्री करते हुए नजर आएंगे। कार्ट दुकानों का मतलब लकड़ी व टीनशेड का एक स्क्ट्रचर, जिसमें पहिये लगे होंगे। लेकिन, इनको स्थायी ठिकाना मिलेगा।