सेवराई(गाजीपुर)। तहसील मुख्यालय के सुरहा गांव की दलित बस्ती में बिजली कनेक्शन होेने के बावजूद आपूर्ति शुरू नहीं किए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को सैकड़ों की संख्या में तहसील मुख्यालय पहुंच कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी को पत्रक सौंपा।
सुरहा गांव की दलित बस्ती में एल एंड टी द्वारा विद्युतीकरण हो गया है। इसके तहत सैकड़ों ग्रामीणों को कनेक्शन भी दे दिया गया है। कनेक्शन के कई दिनों बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू न करने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंच कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उप जिलाधिकारी को पत्रक सौंपते हुए जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। उप जिलाधिकारी को दिए गए पत्रक में ग्रामीणों ने बताया कि विद्युतीकरण के बावजूद हमें आपूर्ति नहीं दी जा रही है। इससे हम लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए हैं। बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। विभाग के कर्मचारियों से बात करने पर आजकल का बहाना करके हीलाहवाली की जा रही है। उन्होंने मौका मुआयना कर जल्द से जल्द दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल करने की अपील की। चेताया कि अगर बिजली आपूर्ति जल्द शुरू नहीं की गई तो आने वाले लोकसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर हंसलाल राम, मुन्ना राम, अर्जुन कुमार, शंभू राम, धर्मेंद्र राम, जयप्रकाश, विजय कुमार, बहादुर राम, शिवनाथ, संतोष, अनिल शर्मा, वीरेंद्र, ओमप्रकाश, विनोद, सुदर्शन, शीला, रीनू देवी, गुड्डू सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।