गाजीपुर। आम हो या खास, सभी ने मंगल कामना से साल के पहले दिन की शुरुआत की। वर्ष का पहला दिन मंगलवार को पड़ने की वजह से पूरे दिन मंदिरों में भक्ति की बयार बहती रही। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। साल के पहले दिन लोगों ने भगवान से मन्नत मांगकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
शहर के चीतनाथ स्थित हनुमान मंदिर, लालदरवाजा स्थित शिव मंदिर, नवापुरा स्थित सांई मंदिर, ददरीघाट स्थित संकट मोचन मंदिर, मिश्रबाजार स्थित काली मंदिर और शिव मंदिर, गोराबाजार स्थित बूढ़ा महादेवा मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में सुबह ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आम हो या खास हर कोई मन में यह बात लिए भगवान की शरण में पहुंचा कि हे प्रभु पूरे साल हमें हर दुख-मुसीबत से बचाए रखना। सबसे ज्यादा भीड़ चीतनाथ स्थित हनुमान मंदिर और संकटमोचन मंदिर में रही। श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिरों में घंट-घड़ियाल की आवाज गूंजती रही। कई मंदिरों पर भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया। सेवराई संवाददाता के अनुसार गहमर के करहिया स्थित मां कामाख्या धाम में साल के पहले दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भीड़ का आलम यह था कि घंटों लाइन में खड़े होने के बाद लोगों को मां का दर्शन मिला। मां का दर्शन-पूजन कर लोगों ने मंगल की कामना की।