कब्रिस्तान की सड़क पर बह रहा गंदा पानी
सीएम के पोर्टल पर भी नहीं हो रही सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गाजीपुर। फतेहपुर अटवां ग्राम पंचायत के कब्रिस्तान के पास का रास्ता काफी जर्जर हो गया है। इससे वहां आवागमन में बहुत परेशानी होती है। इस सड़क पर हमेशा गंदा पानी और कीचड़ पसरा रहता है। अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद जब बात नहीं बनी तो समाजसेवी मोफीज ने इस मामले की शिकायत सीएम के जन सुनवाई पोर्टल पर की। 14 जुलाई को किए गए इस शिकायत के इतने दिनों बाद तक इस मामले में कार्यवाही तो दूर कोई सुनवाई तक नहीं हुई है।
फतेहपुर अटवां मुस्लिम बहुल गांव है। यहां कब्रिस्तान को जाने वाली सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। 50 मीटर तक की सड़क पर चलना भी कठिन है। नाली की गंदा पानी बह रहा है। इससे दफनाने के लिए शव लेकर जाने वाले लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इस सड़क की दशा को सुधारने के बावत 14 जुलाई को ही सीएम के पोर्टल पर शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर फिर 20 अगस्त को रिमाइंडर दिया गया। गांव के लोग डीपीआरओ से भी मिले। दो सितंबर को फिर इस समस्या के बावत याद दिलाते हुए शिकायत की गई। इतने दिन बाद भी अभी तक इस शिकायत के परिप्रेक्ष्य में न तो कोई पूछताछ हुई और न ही कोई कार्यवाही। सीएम से शिकायत के बाद भी अब तक मामला लंबित पड़ा हुआ है। गांव के लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी सुनवाई नही होने से काफी हैरानी है।