सुहवल(गाजीपुर)। जनपद के सभी गांवों को खुले में शौच से मुक्त कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दो अक्तूबर से पहले ओडीएफ का लक्ष्य हर हाल में पूरा हो जाना चाहिए। इस कार्य में लगे कर्मचारी घर- घर जा कर सत्यापन कर लें। यह बात जिलाधिकारी के. बालाजी ने बुधवार को रेवतीपुर ब्लाक परिसर में गांवों को ओडीएफ करने तथा वेसलाइन सर्वे को लेकर आयोजित बैठक में कही। उन्होंने तहसील के तीनों ब्लाक रेवतीपुर, भदौरा एवं जमानियां के अधिकारियों की बैठक में कहा कि अभियान में पूरी सक्रियता के साथ जुट जाएं। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके लिए सख्त हिदायत दी गई है कि समय से पूर्व ओडीएफ का लक्ष्य हो जाना चाहिए। कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्रों के चयन में पूरी तरह से पारदर्शिता होनी चाहिए। निर्माण में मानकों का भी पूरा ध्यान रहना चाहिए। इन कार्यों में लगे कर्मचारी इसका सत्यापन खुद घर-घर जाकर करें। दो अक्टूबर से पहले पूरी तरह से खुले में शौच मुक्त करने का कार्य हो जाए। इस मौके पर डीपीआरओ लाल जी दूबे, डीडीओ मिश्रीलाल, रेवतीपुर खंड विकास अधिकारी हरिनारायण, रेवतीपुर सीडीपीओ माधुरी सिंह, ओम प्रकाश पांडे, खंड विकास अधिकारी भदौरा महेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी जमानियां ननकू राम, एडीओ पंचायत रेवतीपुर अशोक कुमार पांडेय, सचिव अशोक राय, रामनिवास राय, सरोज देवी समेत स्वच्छता मिशन एवं वेस लाइन सर्वे से जुडे सचिव, को-आर्डिनेटर, जमानिया, भदौरा एवं रेवतीपुर ब्लाक के खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, चिकित्साधिकारी आदि मौजूद रहे।