गाजीपुर। सफाई की व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। रविवार को ग्राम पंचायत रजदेपुर में सफाई के लिए लगाए गए कर्मचारियों में से 20 अनुपस्थित रहे। इस पर जिला पंचायतराज अधिकारी की त्योरी चढ़ गई। नाराज डीपीआरओ ने अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकने का आदेश दिया।
ग्राम पंचायत रजदेपुर देहाती में वृहद स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को 50 सफाई कर्मियों की ड्यूटी जिलाधिकारी के मौखिक आदेश के क्रम में ग्राम पंचायत में लगाई गई थी। बावजूद इसके मौके पर सिर्फ 30 सफाई कर्मी ही उपस्थित रहे। शेष सफाई कर्मी अनुपस्थित रहे। निरीक्षण के सिलसिले में पहुंचे जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे ने इस पर नाराजगी व्यक्त की। इसे गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित सफाई कर्मियों का वेतन रोकने का आदेश दिया। उन्होंने हिदायत दिया कि लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुधार न होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सहायक विकस अधिकारी पंचायत शशिप्रकाश राय, सचिव राजनाथ पाल, अशोक, विनोद एवं सुनील आदि उपस्थित थे।