गाजीपुर। विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय खेत-ग्रामीण मजदूर सभा के सदस्यों ने मगंलवार को सदर, सैदपुर, जखनियां और जमानिया तहसील मुख्यालय पर जुलूस निकाल कर धरना-प्रदर्शन किया। जमानिया क्षेत्र के पियरी गांव निवासी इंटर की छात्रा गुड़िया राजभर की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या करने की निंदा की। हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की। मुख्यमंत्री और डीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सदर को सौंपा।
जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रदर्शन में अखिल भारतीय खेत-ग्रामीण मजदूर सभा के जिला सचिव राजेश बनवासी ने योगी राज में गांव समाज, बंजर, बेनामी जमीनों से भू-माफियाओं द्वारा मुक्ति की आड़ में पुश्त तक पुश्त बसे दलितों, गरीबों, भूमहीनों को लाठी-डंडा से बल पर बेदखली के घटना की निंदा की। कहा कि इस तरह के उत्पीड़न को तत्काल बंद किया जाए। मांग किया कि बाप-दादा के जमाने से बसे दलितों-गरीबों का कब्जा नियमित करते हुए अधिकार पत्र देने, तहसील रिकार्ड में दर्ज करने, पूरे प्रदेश में गांव समाज बंजर की जमीनों का श्वेत पत्र जारी करने तथा भूमिहीन दलितों, गरीबों को आवासीय पट्टा किया जाए। कहा कि गांवों में भारी तादात में ऐसे भी गरीब हैं, जिनका नाम खाद्य सुरक्षा सूची में नहीं है। जिनका नाम भी है, यूनिट के हिसाब से राशन नहीं दिया जा रहा है। इस तरह से कोटेदार गरीबों को मिलने वाला सस्ता राशन बाजार में कालाबाजारी कर मालामाल हो रहे हैं। सैदपुर तहरीर पर धरना-प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष नंदकिशोर बिंद ने कहा कि जमानिया थाना के पियरी गांव निवासी इंटर की छात्रा गुड़िया राजभर के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। कहा कि योगी राज में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। अपराधियों को मन में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रह गया है। यही कारण है कि वह आए दिन संगीन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। कहा कि बिहार बालगृहों में हुई गैंगरेप और बलात्कार की घटनाओं के खिलाफ आयोजित दो अगस्त को भारत बंद में एपवा की ओर से आवाज उठाया जाएगा तथा नौ अगस्त को जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। सभा एवं जुलूस में योगेंद्र भारती, अमरनाथ, मंजू गोड़, सत्येंद्र कुमार, प्रमोद कुशवाहा, रामशीष बिंद, तेतरा देवी, जमावली राजभर, विनोद गुप्ता, विजयी बनवासी, रामनगीना पासी, रामअवध बिंद, लालबिहारी, सरोज यादव, आजाद यादव, कन्हैया बिंद, बेचू बनवासी, रामजन्म, मुन्ना बनवासी, घुरभारी मास्टर, लालबहादुर बागी, विजयबहादुर सिंह, गुलाब सिंह, दिनेश राम, अरविंद, रामवृक्ष मौर्य, कन्हैया बनवासी आदि शामिल थे।