जमानिया। तहसील स्थित रामलीला मैदान में मंगलवार को भाकपा (माले) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सवालों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके पर आयोजित धरना सभा में पार्टी के जिला सचिव रामप्यारे राम ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि खुले में शौच से मुक्ति के नाम पर गरीबों का मजाक उड़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आजादी के 70 वर्ष बाद भी गरीबों की स्थिति मेें कोई सुधार नहीं हुआ। स्थिति दिन पर दिन बदतर होती जा रही है। गरीबों के लिए नीतियां बन रही है, लेकिन भ्रष्ट कर्मचारी उन योजनाओं को धरातल तक पहुंचने नहीं दे रहे हैं। ब्लॉक सचिव विजय बनवासी ने कहा कि गांव-गांव में ग्रामसभा की बंजर जमीन पर सामंती ताकतों ने अवैध कब्जा कर रखा है, लेकिन प्रदेश सरकार की एंटी भू-माफिया टीम की हिम्मत नहीं है कि उन्हें हटाया जाए। वहीं गरीब दलित और भूमिहीन मुसहरों ने कहीं एक झोपड़ी लगा दी है तो उसे पहले उजाड़ने के लिए नोटिस भेज दी जा रही है। इस मौके पर जगदीश बनवासी, लालजी बनवासी, रामअवध बिंद, मुराली बनवासी, विनोद गुप्ता, रामनगीना पासी, लालू बिंद, बुच्चीलाल, विनोद कुशवाहा, महेंद्र राम, प्रमोद बिंद आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता सुदिष्ट शर्मा एवं संचालन महेंद्र राम ने किया।