उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर बुलंद शहर में आयोग की ओर से चयनित अध्यापक बृजेंद्र कुमार के वेतन भुगतान नहीं होने के कारण की गई आत्महत्या एवं वांछित लाभ न मिलने की परिस्थिति में बोर्ड परीक्षा का बहिष्कार करने के अपने निर्णय से अवगत कराया। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों की बैठक 4 फरवरी को एमएएच इंटर कालेज में करने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जिले की कार्यकारिणी के रिक्त पदों को बैठक में सहमति से भरा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में रामानुज सिंह, विनोद कुमार सिंह, चौधरी दिनेश चंद्र राय, जिलाध्यक्ष नारायण उपाध्याय, मंत्री राणा प्रताप सिंह, जियारत हुसैन, रंविद्र नाथ तिवारी आदि शामिल थे।