जमानिया। बदहाल एनएच 24 सैयदराजा-जमानिया गाजीपुर मार्ग पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को स्टेशन बाजार स्थित एक कालोनी के सामने सड़क पर बने बड़े गड्ढे में वाराणसी से बिस्कुट लादकर भदौरा जा रही डीसीएम ट्रक पलट गई। इसी दौरान सैयदराजा की तरफ जा रही ट्रक में डीसीएम फंस गई। संयोग ही रहा कि दोनों चालक बाल-बाल बच गए। सड़क पर ट्रक पलटने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। दोनों तरफ जाम लग गया। इस दौरान डीसीएम पर लदा बिस्किट उतारकर ट्रक को निकालने का प्रयास जारी रहा। बरुइन मोड़ से लेकर ताड़ीघाट के बीच यह सड़क पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे हादसे का सबब बन रहे हैं। सड़क की बदहाली को दूर कराने के प्रति जनप्रतिनिधि और अधिकारी उदासीन बने हुए हैं। जबकि सड़क की बदहाली दूर नहीं हुई तो हादसों में और भी इजाफा हो सकता है।