गाजीपुर। जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। शहर के पुलिस लाइन के पास खाली पड़ी जमीन पर नवीन स्टेडियम के निर्माण को जल्द ही पंख लगेंगे। इसके लिए शासन की ओर से कार्यदायी संस्था को दो करोड़ से अधिक की धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। राजकीय निर्माण निगम की ओर से शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस दिशा में विभाग ने पहल शुरू कर दी है। इस कार्य को पांच माह के अंदर मूर्त पूर दिया जाना है।
जिले में नवीन स्टेडियम की जरूरत काफी समय से महसूस की जा रही थी। इस जरूरत को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने नवीन स्टेडियम का निर्माण कराने का फैसला लिया। पुलिस लाइन के पास खाली पड़ी 6.310 हेक्टेयर (लगभग 26 बीघा) जमीन पर नवीन स्टेडियम का निर्माण कराया जाना है। इस स्टेडियम में बैडमिंटन, टेबुल टेनिस, कुश्ती हाल, तैराकी, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबाल, बास्केटबाल कोर्ट के साथ ही बालक-बालिका छात्रावास, प्रशासनिक भवन एवं दर्शक दीर्घा का निर्माण कराया जाएगा। नवीन स्टेडियम के निर्माण के लिए शासन की तरफ से पिछले दिनों में दो करोड़ आठ लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को उपलब्ध करा दी गई है। बताया गया है कि इस धनराशि से चहारदीवारी, मुख्यद्वार, गार्ड रूम, ट्यूबवेल, सिंचाई के लिए स्प्रिंकल, बिजली कनेक्शन, ट्रांसफार्मर तथा ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाएगा। ऐसा होने से जनपद के खिलाड़ियों का भविष्य उज्ज्वल होगा। नवीन स्टेडियम की स्वीकृति मिलने से पूर्व विभागीय अधिकारी जिले में खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या से चिंतित रहते थे। ऐसे में पुराने स्टेडियम का भार कम करने के लिए जिले में एक अन्य स्टेडियम की जरूरत थी। शासन स्तर से पहली किस्त के रूप में छोटी सी धनराशि अवमुक्त कर नये स्टेडियम के निर्माण की शुरूआत के लिए हरी झंडी दे दी गई है। इस पहल की जनपदवासियों ने काफी सराहना की है। इस संबंध में क्रीड़ाधिकारी जितेंद्र भगत ने बताया कि अवमुक्त धनराशि दो करोड़ आठ लाख रुपये राजकीय निर्माण निगम को उपलब्ध करा दिया गया है। उन्होंने दूसरे पखवारे में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई।