बलिया। जनपद की 10 नगरपंचायत व दो नगरपालिका में छह नगर पंचायतों नगरा, रतसर, बांसडीह, रेवती, बैरिया व मनियर की करीब 1.80 लाख की आबादी अतिक्रमण से कराह रही है। छह नगर पंचायतें अतिक्रमण की जद में हैं। इसके कारण लोगों का राह चलना तक दुश्वार हो गया है। कुछ ऐसी नगर पंचायतें भी हैं, जहां पांच वर्ष से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया ही नहीं गया है, जिससे हालत खराब हो गए है।
जनपद की नगर पंचायतों में सुगम यातायात पर अतिक्रमण होने के कारण सड़क तक दुकाने लग रही है। गलियों की बात छोड़िए, मुख्य सड़कों पर भी अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनी हुई है। नगरा, रतसर, बांसडीह, रेवती, मनियर व बैरिया नगर पंचायत की मुख्य सड़कों पर ठेला व खोमचे वालों का कब्जा है। सड़कों की पटरियों पर दुकानदार कब्जा जमाए बैठे हुए हैं। बची कसर वाहन चालक पूरा कर देते हैं। दो पहिया व चार पहिया वाहन चालक अपने वाहनों को सड़कों पर ही खड़ा कर देते हैं। इसकी वजह, यह है कि किसी भी नगर पंचायत में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। नगर पंचायतों में निर्बाध यातायात को गति मिल सके, इसके प्रति प्रशासन उदासीन बना हुआ है।
सड़कों पर दुकानें जाम से जूझते लोग
नगरा कस्बा में सब्जी मंडी की व्यवस्था न होना से दुकानदार सड़क पर ठेला व फुटपात पर सब्जी व फल की दुकानें लगाते हैं। दुकानों से सामान की खरीदारी के लिए लोग वाहन सड़क पर खड़ा करने से रोजाना शाम को जाम से लोगों को जूझना पड़ता है। लगन के सीजन में एक से दो घंटे तक वाहनों का लंबा जाम लगता है। चौक अतिक्रमण की जद में होने से बड़े वाहन घूमने में परेशानी होती है।
प्रतिबंध के बाद भी बाजार में घुसते हैं वाहन
रतसर जिले के पुराने बाजार में शुमार है। मुख्य बाजार करीब डेढ़ किमी की लंबाई में फैला है। करीब 30 हजार की आबादी वाले इस नपं के बाजार में नव निर्माण के कारण सड़क सिकुड़ गई है। सड़क पर अतिक्रमण कर चबूतरे का निर्माण और सड़क पर सब्जी की दुकान सजने से जाम की समस्या गंभीर हो गई है। ट्रैफिक पुलिस न होने के कारण जाम को स्थानीय लोग छुड़ाते हैं। एक से दो घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहते हैं।
सड़क तक दुकान का सामान से अतिक्रमण
रेवती बाजार में जाम की प्रमुख समस्या है। बाजार होते हुए दियारे क्षेत्र में रास्ता होने से दोनों तरफ से वाहन आने पर जाम लग जाता है। लगन के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती है। थाना के सामने से बाजार तक जाम लग जाता है। पुलिस को जाम छुड़ाना पड़ता है। पिछले दिनों दियारा क्षेत्र में जाने के लिए दूसरा रास्ता बनने से जाम घंटों नहीं लगता है।
बड़े वाहनों से लगता जाम
बैरिया कस्बा से होकर एनएच-31 गुजरता है। सड़क तक दुकान होने से हाईवे की सड़क पर बड़े वाहनों का जाम लगता है। वहीं मुख्य सड़क से रानीगंज बाजार होते हुए सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ता व रानीगंज बाजार में शाम को भीड़ बढ़ने पर जाम से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। दुकानदार सड़क तक सामान रखने से वाहन को निकलने में परेशानी होती है।
नगर पंचायतों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। आने वाले दिनों जाम वाले स्थानों को चिन्हित कर अतिक्रमण के खिलाफ जल्द टीम बनाकर अभियान चलाया जाएगा। - त्रिभुवन, मुख्य राजस्व अधिकारी बलिया।