गाजीपुर। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के अंतर्गत लाभार्थी को पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क इलाज की सुविधा सरकार की ओर से दी जा रही है। इसके लिए लाभार्थी एवं उनके परिजनों का गोल्डेन कार्ड बनवाया जाना अनिवार्य है। जिले के 541 गांवों में किसी के भी गोल्डेन कार्ड न बनने से शासन के निर्देश पर इन गांवों में विशेष गोल्डन कार्ड शिविर लगाकर कुल 1769 कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसमें से 1360 कार्ड का एप्रूवल भी मिल चुका है।
आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी और एसीएमओ डॉ. डीपी सिन्हा ने बताया कि जिले में कुल 541 गांव जीरो गोल्डेन कार्ड में शामिल थे जिसमें 281 गांव में गोल्डेन कार्ड बनाए गए हैं। 175 गांव में कोई भी लाभार्थी नहीं मिले। वहीं 85 गांवों में इस योजना के लाभार्थी परिवार माइग्रेट हो चुके हैं। उन सभी गांव में कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से गोल्डेन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी जिसमें जिले के सभी विभागों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। इस अभियान में कुल 1769 कार्ड बनाए गए। अब जिले में कुल गोल्डेन कार्ड की संख्या 141625 हो गई। अभी तक जिले में योजना के तहत 6532 लाभार्थियों का सफलतापूर्वक इलाज किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जीरो गोल्डेन कार्ड शिविर एक नवंबर से अगले एक सप्ताह तक चलना था। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी विभागों ने इस कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जिससे लाभार्थियों का चार नवंबर तक ही गोल्डेन कार्ड बनाकर पूरा कर लिया गया। इस कार्य में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिले के सभी एसडीएम, बीडीओ, डीडीओ, परियोजना निदेशक, एसीएमओ, चिकित्सा अधिकारी, एडीओ पंचायत आदि की मुख्य भूमिका रही।